Home Featured 12 सितंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निपटारे का लक्ष्य।
Featured - मुख्य - 2 days ago

12 सितंबर को होगी राष्ट्रीय लोक अदालत, अधिक से अधिक मामलों के निपटारे का लक्ष्य।

दरभंगा: आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से विभिन्न विभागों एवं बैंकों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार अजय कुमार शर्मा के निर्देश पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जुनैद आलम एवं प्राधिकार की सचिव आरती कुमारी ने बैठक कर लोक अदालत में अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया।

Advertisement

ग्राम कचहरी में सुलह-समझौते के आधार पर निपटाए जाने वाले मामलों की समीक्षा करते हुए सीजेएम जुनैद आलम ने पंचायती राज पदाधिकारियों से चयनित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने समझौता योग्य मामलों को अंतिम रूप से चिह्नित कर संबंधित अभिलेख जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया।

सचिव आरती कुमारी ने कहा कि सभी मामलों में पक्षकारों के बीच प्री-काउंसलिंग कराने का प्रयास किया जाए, ताकि अधिक से अधिक मामलों को आपसी सहमति से लोक अदालत में निष्पादित किया जा सके। उन्होंने विभिन्न सरकारी विभागों एवं बैंकों के अधिकारियों के साथ भी बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।

बैठक में बिजली, वन, श्रम, माप-तौल सहित विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों के निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। विभागीय अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियों के साथ लोक अदालत में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।

बैंक ऋण संबंधी मामलों के निपटारे के लिए शाखा प्रबंधकों को पक्षकारों को अधिकतम संभव छूट उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने तथा मामलों के निष्पादन के लिए विशेष पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला पंचायती राज पदाधिकारी, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, एलडीएम सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share