
राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारा हेतु प्रेक्षागृह में लगेगा विशेष शिविर।
दरभंगा: 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर लंबित ट्रैफिक चालानों के निपटारे के लिए दरभंगा प्रेक्षागृह में विशेष शिविर लगाया जाएगा। आम लोगों की सुविधा के लिए शिविर में कई काउंटर बनाए गए हैं, जहां लंबित ट्रैफिक चालानों से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा।
शिविर की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने शुक्रवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले आम नागरिकों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का त्वरित, सरल और सुविधाजनक तरीके से निपटारा संभव है। इससे लोगों को अपने लंबित मामलों के समाधान में राहत मिलेगी।
डीएम ने बताया कि ट्रैफिक चालानों से संबंधित मामलों के निष्पादन के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त काउंटर, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के अवसर पर प्रेक्षागृह में लगाए जा रहे विशेष शिविर में पहुंचकर अपने लंबित ट्रैफिक चालानों का निपटारा कराएं और लोक अदालत के माध्यम से त्वरित एवं सरल समाधान का लाभ उठाएं।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, विशेष कार्य पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।

