
तिरंगे के रंग में रंगी दिल्ली: एनडीए सांसदों ने निकाली बाइक रैली, सांसद गोपालजी समर्थकों के साथ हुए शामिल।
नई दिल्ली। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की ओर से दिल्ली में तिरंगा यात्रा सह बाइक रैली का आयोजन किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा को उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भारत मंडपम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

एनडीए सांसदों की यह तिरंगा यात्रा भारत मंडपम से शुरू होकर इंडिया गेट होते हुए मेजर ध्यानचंद स्टेडियम पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों, युवाओं और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारे लगाए।
दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर भी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ इस तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्रीयता और देशभक्ति के मुद्दे पर भारतीय चेतना का श्रेष्ठ उदाहरण है।
डॉ. ठाकुर ने कहा कि देशभर में आयोजित की जा रही तिरंगा यात्राएं महज किसी सरकार या संगठन का कार्यक्रम नहीं हैं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता का संदेश हैं। इन यात्राओं के माध्यम से देश में जिस तरह राष्ट्रीयता और देशभक्ति का वातावरण बन रहा है, वह भारतीय चेतना का श्रेष्ठ उदाहरण है।

उन्होंने तिरंगा यात्रा को आतंकवाद के खिलाफ भारत का स्पष्ट संदेश बताते हुए कहा कि देश की अखंडता और संप्रभुता के मुद्दे पर पूरा देश एकजुट है। यात्रा में एनडीए सांसदों के साथ आम नागरिकों और युवाओं की बड़ी भागीदारी इस राष्ट्रीय एकता की भावना को दर्शाती है।
डॉ. ठाकुर ने तिरंगा यात्रा में उमड़ी विशाल भागीदारी को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश के प्रति सम्मान और राष्ट्रहित के मुद्दों पर समाज के हर वर्ग की सहभागिता भारत की मजबूत राष्ट्रीय चेतना को प्रदर्शित करती है।


