
लापता बच्चों के मामलों में लापरवाही पर सात पुलिस अधिकारियों को निंदन की सजा।
दरभंगा: गुमशुदा, लापता और अपहृता बच्चों से जुड़े लंबित मामलों को लेकर गुरुवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय में समीक्षा बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता वरीय पुलिस अधीक्षक ने की। इसमें जिले के सभी अंचल पुलिस निरीक्षक एवं पर्यवेक्षी पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक ने थानावार गुमशुदा, लापता एवं अपहृता बच्चों से संबंधित पूर्व से लंबित कांडों की समीक्षा की। समीक्षा के क्रम में कांडों के निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले सात पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। सभी को एक-एक निंदन की सजा दी गई।

जिन पुलिस अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई, उनमें कुशेश्वरस्थान थाना के सअनि रंजन कुमार रौशन, सोनकी थाना की पुअनि नूतन कुमारी, बहेड़ी थाना के पुअनि राम सिंहासन सिंह, विश्वविद्यालय थाना के पुअनि अभिषेक मांझी तथा मनीगाछी थाना के सअनि राजेश कुमार, पुअनि सुनील कुमार और सअनि संजय कुमार शामिल हैं।
समीक्षा बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक ने लंबित सभी कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए समय-सीमा निर्धारित की। साथ ही गुमशुदा, लापता एवं अपहृता बच्चों की शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया। उन्होंने लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।

