Home Featured स्नातक निर्वाचन में सभी 40 प्रत्याशियों के नामांकन स्वीकृत, शिक्षक सीट पर 13 उम्मीदवार मैदान में

स्नातक निर्वाचन में सभी 40 प्रत्याशियों के नामांकन स्वीकृत, शिक्षक सीट पर 13 उम्मीदवार मैदान में

दरभंगा: बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके बाद स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी 40 अभ्यर्थियों के नामांकन स्वीकृत किए गए हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 14 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था, जिनमें एक का नामांकन अस्वीकृत कर दिया गया। अस्वीकृत अभ्यर्थी मधुबनी जिले के हैं।

निर्वाची पदाधिकारी-सह-दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाचन की तैयारियों और अद्यतन स्थिति की जानकारी दी।

स्नातक निर्वाचन में 1,26,951 मतदाता

आयुक्त ने बताया कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,26,951 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें मधुबनी के 29,316, दरभंगा के 34,001, समस्तीपुर के 34,429 तथा बेगूसराय के 29,205 मतदाता शामिल हैं।

वहीं, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 9,026 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें मधुबनी के 1,829, दरभंगा के 2,800, समस्तीपुर के 2,350 और बेगूसराय के 2,047 मतदाता शामिल हैं।

दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में 237 मतदान केंद्र

निर्वाचन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 138 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मधुबनी में 32, दरभंगा में 43, समस्तीपुर में 34 और बेगूसराय में 29 मतदान केंद्र निर्धारित हैं।

इसी तरह, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 99 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें मधुबनी में 23, दरभंगा में 32, समस्तीपुर में 24 और बेगूसराय में 20 मतदान केंद्र शामिल हैं।

तीन चरणों में होगा निर्वाचन कर्मियों का प्रशिक्षण

आयुक्त ने बताया कि निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त कर्मियों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। शेष प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जाएंगे, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

उन्होंने संबंधित जिलों के सहायक निर्वाची पदाधिकारियों और निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य अधिकारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन को सुव्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश चंद्र, प्रभारी उपनिदेशक जनसंपर्क आशीष अमन सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Share