
29 सितंबर को जारी होगी अधिसूचना, 23 अक्टूबर को मतदान।
दरभंगा: बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 को लेकर दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी ने बुधवार को प्रमंडलीय सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी होगी और इसी के साथ नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

आयुक्त ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 7 अक्टूबर को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर निर्धारित की गई है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 23 अक्टूबर 2026 को मतदान कराया जाएगा और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी। निर्वाचन की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक होगा नामांकन
आयुक्त ने बताया कि सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर प्रत्येक कार्य दिवस में पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े सभी अभ्यर्थियों और संबंधित पक्षों से निर्धारित समय-सारणी एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियां की जा रही हैं। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
आयुक्त ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी निर्वाचन से जुड़ी आधिकारिक और प्रमाणिक सूचनाओं को प्राथमिकता के साथ प्रसारित करने तथा मतदाताओं तक सही जानकारी पहुंचाने में सहयोग की अपील की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जिलाधिकारी कौशल कुमार, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश चंद्र, क्षेत्रीय विकास पदाधिकारी आकाश ऐश्वर्य, सहायक योजना पदाधिकारी प्रीति कुमारी सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद थे।
चुनाव कार्यक्रम एक नजर में
- अधिसूचना जारी: 29 सितंबर 2026
- नामांकन की अंतिम तिथि: 6 अक्टूबर 2026
- नामांकन पत्रों की संवीक्षा: 7 अक्टूबर 2026
- अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि: 9 अक्टूबर 2026
- मतदान: 23 अक्टूबर 2026
- मतगणना: 27 अक्टूबर 2026

