
कुख्यात राकेश यादव गिरफ्तार, पिस्तौल व आठ जिंदा कारतूस बरामद।
दरभंगा: तिलकेश्वर थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल राकेश कुमार यादव को अवैध देसी पिस्तौल, दो मैगजीन और आठ जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसडीपीओ बिरौल प्रभाकर तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उनके नेतृत्व में तिलकेश्वर थाना और कुशेश्वरस्थान थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने शंकरपुर मुसहरुआ स्थित उसके घर पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस बल ने उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कमरे से एक उजले रंग के थैले में रखा सिल्वर रंग का देसी पिस्तौल और दो मैगजीन बरामद की गईं। दोनों मैगजीन में चार-चार जिंदा कारतूस मिले। इस तरह पुलिस ने कुल आठ जिंदा कारतूस बरामद किए। एसडीपीओ के अनुसार, सभी कारतूस 7.65 बोर के हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिलकेश्वर थाना क्षेत्र के शंकरपुर मुसहरुआ निवासी रामबालक यादव के 37 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने हथियार और कारतूस जब्त कर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राकेश यादव के खिलाफ कुशेश्वरस्थान, अलीनगर और सिधिया थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2020 से जनवरी 2026 तक उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न अपराधों से जुड़े कुल 22 कांड दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
छापेमारी और गिरफ्तारी अभियान में एसडीपीओ बिरौल प्रभाकर तिवारी, कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद, तिलकेश्वर थानाध्यक्ष केशरी नंद कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

