
परिमार्जन रिवर्ट पर अंचलाधिकारी के वेतन से 100 रुपये जुर्माना, फार्मर रजिस्ट्री तीव्र करने का निर्देश।
दरभंगा: जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्रेशन एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, सभी डीसीएलआर, अंचलाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, राजस्व अधिकारी, राजस्व कर्मचारी तथा किसान सलाहकार उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने रिवर्ट (वापस भेजे गए) आवेदनों की कड़ी समीक्षा की और अधिकारियों को अनावश्यक रिवर्ट न करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी आवेदन में दस्तावेजों की कमी पाई जाती है तो संबंधित रैयत से संपर्क कर आवश्यक कागजी कार्रवाई कराकर आवेदन का तात्कालिक निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक रिवर्ट करने पर हर आवेदन के लिए संबंधित अंचलाधिकारी के वेतन से 100 रुपये दंड काटे जाने के लिए अपर समाहर्ता (राजस्व) को आवश्यक कार्रवाई निर्देशित की गई है।
जिलाधिकारी ने राजस्व महा अभियान के तहत उत्तराधिकार और बटवारा से संबंधित मामलों को प्राथमिकता पर निपटाने का निर्देश दिया और कहा कि लंबित केसों का युद्धस्तर पर समाधान कर राजस्व सेवाओं को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए फार्मर रजिस्ट्री आवश्यक है।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगामी सोमवार से विशेष अभियान चलाकर फार्मर रजिस्ट्री को तेज किया जाएगा। सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, किसान सलाहकार एवं राजस्व कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अभियान के दौरान अधिक से अधिक किसानों का फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाकर निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा संबंधित विभाग आपस में समन्वय स्थापित कर अभियान सफल बनाएं।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारीगण से अपेक्षा व्यक्त की कि फाइलों के त्वरित निस्तारण और किसानों की सुविधा के लिए सिस्टम में सुधार पर विशेष ध्यान दिया जाए, ताकि राजस्व और कृषि से जुड़े लाभ सीधे और शीघ्रता से लाभार्थियों तक पहुँचें।

