Home Featured पिता की पुण्यतिथि पर पुत्र ने पांच गरीब परिवारों को आवास देने की घोषणा।

पिता की पुण्यतिथि पर पुत्र ने पांच गरीब परिवारों को आवास देने की घोषणा।

दरभंगा: बहेड़ी प्रखंड के समदपुरा ग्राम पंचायत में स्थानीय राजनीति के प्रमुख स्तंभ रहे स्व. चंद्रशेखर सिंह उर्फ बंकू बाबू की पांचवीं पुण्यतिथि पर रविवार को बड़ी संख्या में लोगों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके सामाजिक व राजनीतिक योगदान को याद करते हुए ग्रामीणों ने पंचायती राज में उनके अवदानों पर चर्चा की।

Advertisement

बंकू बाबू ने अपने चाचा स्व. सरयुग सिंह से पंचायती राजनीति की बारीकियां सीखीं, जो आजादी के बाद लंबे समय तक समदपुरा पंचायत के मुखिया रहे। वर्ष 2001 में पंचायती राज पुनर्गठन के बाद उन्होंने जिला परिषद सदस्य के रूप में राजनीतिक सफर शुरू किया। जीवन भर जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए वे अंतिम समय तक पंचायत मुखिया बने रहे। जरूरतमंदों के अधिकारों के लिए संघर्ष करना उनकी पहचान था।

Advertisement

पुण्यतिथि समारोह में उनके ज्येष्ठ पुत्र संजय सिंह (दिल्ली पुलिस अधिकारी) ने पंचायत के पांच गरीब परिवारों के लिए निजी संसाधनों से आवास निर्माण की घोषणा की। यह कार्य इसी माह शुरू होगा। प्रेरणा उनकी माता सुनीता देवी से मिली, जो पूर्व मुखिया रहीं। वर्तमान मुखिया उनके छोटे पुत्र सुमन कुमार सिंह हैं, जो परिवार की जनसेवा परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।स्थानीय लोगों का मानना है कि आजादी के बाद से यह परिवार लगातार जन विश्वास अर्जित करता रहा है।

Share