
विश्व पर्यावरण दिवस पर पचास से अधिक युवाओं ने बागमती घाट पर किया श्रमदान।
दरभंगा: जिला पदाधिकारी – सह – अध्यक्ष जिला गंगा समिति दरभंगा कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिला गंगा समिति द्वारा दरभंगा नगर निगम के सहयोग से विश्व पर्यावरण दिवस पर बागमती नदी स्थित वृंदावन घाट, शिवाजी नगर, वार्ड संख्या-22 पर नदी घाट भ्रमण, घाट स्वच्छता के लिए श्रमदान एवं पर्यावरण संरक्षण विषयक जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजनों को स्वच्छ पर्यावरण, जल स्रोतों एवं नदी संरक्षण के प्रति जागरूक करना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाना है।
इस अवसर पर उपस्थित प्रतिभागियों द्वारा घाट परिसर में स्वच्छता अभियान चलाते हुए प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों का संग्रहण किया गया तथा लोगों को एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों एवं स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में जिला गंगा समिति के जिला परियोजना पदाधिकारी फारूक इमाम ने युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ नदियाँ एवं स्वच्छ पर्यावरण ही आने वाली पीढ़ियों के स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की आधारशिला हैं।
उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने तथा जल स्रोतों को प्रदूषणमुक्त रखने की अपील की।
इस अवसर पर स्थानीय वार्ड संख्या-22 की पार्षद रिंकू कुमारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण हेतु युवाओं एवं आमजन से निरंतर सहयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों को गंगा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ भी दिलाई गई। सभी प्रतिभागियों ने गंगा एवं उसकी सहायक नदियों, तालाबों तथा अन्य जल स्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने, उनमें कूड़ा-कचरा एवं पॉलीथिन का निस्तारण नहीं करने, जलीय जीवों एवं वृक्षों के संरक्षण के लिए कार्य करने तथा स्वच्छता के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिये।
सभी ने अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण संरक्षण हेतु हर संभव सकारात्मक बदलाव अपनाने तथा अपने परिवार,मित्रों एवं अन्य लोगों को भी पर्यावरण-अनुकूल आदतों एवं व्यवहारों के प्रति प्रेरित करने की शपथ ग्रहण की।

कार्यक्रम में स्थानीय समाजसेवी अरुण शर्मा, नमामि गंगे संजीव कुमार, पूजा कुमारी, मणिकांत ठाकुर, युवा स्वयंसेवक सुमेधा नयन प्रिया, प्रिन्स, ज़िकरा फातमा तथा दरभंगा नगर निगम से राकेश कुमार, सहित पचास से अधिक युवा एवं स्थानीय नागरिक अभियान में शामिल हुए तथा पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

