
एकबार फिर बारिश ने खोल दी डीएमसीएच के कुव्यवस्था की पोल।
दरभंगा: उत्तर बिहार का सबसे बड़ा अस्पताल दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की बदहाल व्यवस्था एक बार फिर सामने आ गई है। एकतरफ जहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं केलिए दरभंगा में एम्स की तैयारी की जा रही है, वही अबतक डीएमसीएच की बदहाली दूर नहीं की जा सकी है।

दरअसल, शुक्रवार को हुई मामूली बारिश ने अस्पताल प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी। हल्की बरसात के बाद ही अस्पताल परिसर के कई महत्वपूर्ण मार्गों और विभागों के आसपास जलजमाव हो गया, जिससे मरीजों, उनके परिजनों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

बारिश के कुछ ही देर बाद डीएमसीएच परिसर की सड़कें तालाब में तब्दील नजर आने लगीं। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल जाने वाली मुख्य सड़क पर 2 फीट तक पानी जमा हो गया। इसके अलावा मेडिसिन विभाग,सीटी स्कैन केंद्र, पुराना इमरजेंसी रोड, सर्जिकल भवन और इमरजेंसी विभाग की ओर जाने वाले मार्ग भी जलमग्न हो गए। पानी भर जाने से सड़क और गड्ढों का अंतर समाप्त हो गया,जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई।

अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों और उनके परिजनों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा,जबकि गंभीर मरीजों को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर के सहारे ले जाने में काफी दिक्कतें आईं। जलजमाव के कारण अस्पताल परिसर में आवागमन लगभग बाधित हो गया।

