Home Featured डीएमसीएच में बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी का ऑपरेशन थिएटर शुरू, 9 वर्षीय बच्चे की सफल सर्जरी।
Featured - मुख्य - 19 hours ago

डीएमसीएच में बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी का ऑपरेशन थिएटर शुरू, 9 वर्षीय बच्चे की सफल सर्जरी।

दरभंगा: डीएमसीएच के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग के शल्य कक्ष में शुक्रवार से ऑपरेशन शुरू हो गया। दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त सह रोगी कल्याण समिति के अध्यक्ष हिमांशु कुमार राय और जिलाधिकारी सह समिति के उपाध्यक्ष कौशल कुमार ने शल्य कक्ष का शुभारंभ किया।

Advertisement

शुभारंभ के साथ ही बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम ने 9 वर्षीय मो. हामिद का सफल ऑपरेशन किया। जलने के कारण उसकी दाहिनी जांघ में घाव हो गया था, जो करीब आठ महीने से ठीक नहीं हो रहा था। विभागाध्यक्ष डॉ. संजय कुमार के नेतृत्व में डॉ. मेराज अहमद, डॉ. राजेश कुमार और सीनियर रेजिडेंट डॉ. आसिफ अली ने सर्जरी की। निश्चेतना विभाग के अध्यक्ष डॉ. हरि दामोदर सिंह, डॉ. रवि और डॉ. मनोज कुमार ने चिकित्सा सहयोग दिया।

Advertisement

चिकित्सकों के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा। सर्जरी के बाद बच्चे को वार्ड में भर्ती कर दिया गया है।

डीएमसीएच अधीक्षक ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में कुल आठ अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर उपलब्ध हैं। विभिन्न सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जा रहा है। न्यूरो सर्जरी विभाग के ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू को भी शुरू करने की तैयारी अंतिम चरण में है। जल्द ही न्यूरो सर्जरी की सेवाएं भी मरीजों को मिलने लगेंगी।

Advertisement

सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इन सेवाओं के विस्तार से दरभंगा समेत उत्तर बिहार के मरीजों को स्थानीय स्तर पर अत्याधुनिक और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं मिलने का रास्ता और मजबूत होगा। कार्यक्रम में डीएमसीएच प्राचार्य डॉ. उमेश चन्द्र झा, अधीक्षक डॉ. जगदीश चन्द्र, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार समेत कई चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Advertisement
Share