
पंचायत आम निर्वाचन 2026: दरभंगा में प्रपत्र-1 का हुआ प्रकाशन, 18 मई तक दाखिल होंगे दावा-आपत्ति।
दरभंगा: जिले में पंचायत आम निर्वाचन-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला पंचायती राज पदाधिकारी पवन कुमार यादव ने जानकारी दी कि आरक्षण निर्धारण के लिए प्रपत्र-1 का प्रारूप 4 मई 2026 को प्रकाशित कर दिया गया है । यह प्रारूप वर्ष 2011 की जनसंख्या के आंकड़ों के आधार पर तैयार किया गया है।
राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार के संयुक्त निर्वाचन आयुक्त ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में संशोधन करते हुए प्रपत्र-1 के प्रकाशन की तारीख तय की थी। इसके उदाहरण में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया था। पहले वर्ष 2015 में भी इसी तरह प्रपत्र-1 प्रकाशित किया गया था ।
प्रखंड विकास पदाधिकारियों द्वारा प्रपत्र-1 तैयार कर हस्ताक्षर के बाद राज्य निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। दावा-आपत्ति दाखिल करने की अवधि 4 मई से 18 मई 2026 तक रहेगी । अपीलों का निष्पादन 11 मई से 29 मई 2026 तक होगा।
प्रपत्र-1 का अंतिम प्रकाशन 5 जून 2026 को होगा। जिला गजट में इसका प्रकाशन 9 जून 2026 को किया जाएगा । ग्राम पंचायत सदस्य और ग्राम कचहरी पंच से संबंधित दावा-आपत्तियां संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय में दाखिल की जा सकती हैं।
अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष अपील दाखिल की जा सकती है। ग्राम पंचायत मुखिया और सरपंच से जुड़ी दावा-आपत्तियां भी प्रखंड विकास पदाधिकारी के समक्ष दर्ज की जा सकेंगी। पंचायत समिति सदस्य से संबंधित दावा-आपत्तियां भी वहीं स्वीकार की जाएगी।
जिला परिषद सदस्य से जुड़ी दावा-आपत्तियां अनुमंडल पदाधिकारी के समक्ष दाखिल की जा सकती हैं। इन अपीलों का निष्पादन जिला पदाधिकारी के समक्ष जिला पंचायती राज कार्यालय में होगा।
दरभंगा सदर प्रखंड में 338 सदस्य/पंच, 23 मुखिया/सरपंच, 34 पंचायत समिति सदस्य और 3 जिला परिषद सदस्यों की संख्या निर्धारित की गई है। केवटी प्रखंड में 355 सदस्य/पंच, 26 मुखिया/सरपंच, 36 पंचायत समिति सदस्य और 4 जिला परिषद सदस्य होंगे।
जाले प्रखंड में 287 सदस्य/पंच, 21 मुखिया/सरपंच, 30 पंचायत समिति सदस्य और 4 जिला परिषद सदस्यों का बंटवारा तय है। सिंहवाड़ा प्रखंड में 326 सदस्य/पंच, 22 मुखिया/सरपंच, 35 पंचायत समिति सदस्य और 4 जिला परिषद सदस्य होंगे।
बिरौल प्रखंड में 327 सदस्य/पंच, 25 मुखिया/सरपंच, 35 पंचायत समिति सदस्य और 3 जिला परिषद सदस्यों की संख्या निर्धारित की गई है। अन्य प्रखंडों में भी पदों की संख्या तय कर प्रकाशित कर दी गई है।
प्रपत्र-1 का प्रारूप जिला समाहरणालय के सूचना पट्ट पर लगाया गया है। जिला पंचायत कार्यालय में भी यह उपलब्ध होगा। सभी अनुमंडल कार्यालय और प्रखंड कार्यालयों में भी यह प्रपत्र देखा जा सकता है।
पंचायत कार्यालयों में भी यह प्रारूप उपलब्ध कराया गया है। जिला की आधिकारिक वेबसाइट darbhanga.nic.in पर यह डाउनलोड किया जा सकता है। राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार पटना की वेबसाइट Sec.gov.bih.in पर भी यह प्रकाशित है ।

