
पतंजलि के सामान की आड़ में 60 लाख की विदेशी शराब, कंटेनर से 4,947 लीटर बरामद
दरभंगा: जिले में शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मद्यनिषेध टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से करीब 60 लाख रुपये मूल्य की 4,947.120 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। शराब को पतंजलि के सामानों की आड़ में कंटेनर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कंटेनर के चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया।

जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग की टीम जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी क्रम में टीम को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने बिशनपुर थाना क्षेत्र के भरौल स्थित एकमी-शोभन रोड पर जांच अभियान चलाया।
इसी दौरान टीम ने कंटेनर संख्या UP21CT3867 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कंटेनर में पतंजलि के उत्पादों के बीच छिपाकर रखी गई 4,947.120 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। बरामद शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 60 लाख रुपये बताया गया है।
सामान के बीच छिपाकर रखी थी शराब
मद्यनिषेध विभाग के अनुसार कंटेनर में बड़ी मात्रा में पतंजलि के उत्पाद भी लदे थे। इनमें 478 कार्टन साबुन, 460 कार्टन टूथपेस्ट, 155 बोरा सर्फ और 111 कार्टन ब्रश समेत अन्य सामान शामिल थे। शराब को इन सामानों के बीच इस तरह छिपाया गया था कि सामान्य जांच के दौरान आसानी से इसका पता नहीं चल सके।
कार्रवाई के दौरान गिरफ्तार चालक और उपचालक उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के रहने वाले बताए गए हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पूछताछ के आधार पर शराब के स्रोत, गंतव्य और तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। शराब तस्करों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों की पहचान कर जांच और निगरानी बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मद्यनिषेध कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन और मद्यनिषेध विभाग ने आम लोगों से भी अवैध शराब के निर्माण, बिक्री अथवा परिवहन की सूचना तत्काल प्रशासन या मद्यनिषेध विभाग को देने की अपील की है।

