Home Featured पतोर थाना का नगर पुलिस अधीक्षक ने किया वार्षिक निरीक्षण।

पतोर थाना का नगर पुलिस अधीक्षक ने किया वार्षिक निरीक्षण।

दरभंगा: नगर पुलिस अधीक्षक, दरभंगा ने सोमवार को पतोर थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थानाध्यक्ष सहित थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। नगर पुलिस अधीक्षक ने थाने में संधारित विभिन्न पंजियों एवं अभिलेखों की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Advertisement

निरीक्षण के क्रम में आगंतुक पंजी, पासपोर्ट पंजी, आरटीआई पंजी, महिला हेल्प डेस्क, लोक शिकायत पंजी, मासिक कार्य विवरणी, मालखाना, ओडी जांच, हाजत सुरक्षा, आरोप-पत्र (चार्जशीट) तथा स्टेशन डायरी सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया गया। इसके साथ ही हत्या, लूट और डकैती जैसे संगीन आपराधिक मामलों एवं लंबित कांडों की समीक्षा की गई।

नगर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस पदाधिकारियों को लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन करने तथा फरार अभियुक्तों और वारंटियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। क्षेत्र में नियमित वाहन जांच, रात्रि गश्ती और बैंक व एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को नए आपराधिक कानूनों के प्रावधानों के अनुरूप कांडों की जांच करने तथा वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक तरीकों से साक्ष्य संकलित करने का निर्देश दिया। साथ ही थानाध्यक्ष को आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर कड़ी नजर रखने और शराब व मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

Share