Home Featured एलिवेटेड रोड निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, तीन दिनों से पेयजल संकट झेल रहे 3000 परिवार!
Featured - मुख्य - 3 days ago

एलिवेटेड रोड निर्माण के दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, तीन दिनों से पेयजल संकट झेल रहे 3000 परिवार!

दरभंगा: दरभंगा नगर निगम क्षेत्र के लहेरियासराय इलाके में पिछले तीन दिनों से पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहने के कारण करीब तीन हजार से अधिक परिवार परेशान हैं। नल से पानी नहीं आने के कारण लोगों को रोजमर्रा के जरूरी कामों के लिए भी पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है।

आपका सहयोग हमारी ताकत

वार्ड 47 के पूर्व पार्षद सह वर्तमान पार्षद प्रतिनिधि आशुतोष कुमार ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर पेयजल संकट की जानकारी दी है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सैदनगर स्थित पंप हाउस के पास एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य के दौरान पंप हाउस की सर्विस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके कारण लहेरियासराय क्षेत्र के कई हिस्सों में पेयजल आपूर्ति बाधित है।

आशुतोष कुमार के अनुसार, पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पिछले तीन दिनों से क्षेत्र के 3000 से अधिक परिवार प्रभावित हैं। उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर संबंधित वरीय पदाधिकारियों से संपर्क भी किया गया, लेकिन अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं हो सकी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कंपनी के साथ यह व्यवस्था तय थी कि पहले पाइपलाइन को शिफ्ट किया जाएगा और इसके बाद पिलर निर्माण का कार्य किया जाएगा। उनका कहना है कि पाइपलाइन शिफ्ट किए बिना ही पिलर लगाने का काम शुरू कर दिया गया, जिसके दौरान मुख्य सर्विस पाइप क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने यह भी कहा कि पाइप की मरम्मत स्थानीय स्तर पर करना मुश्किल है।

बताया गया है कि पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण वार्ड 35, 40, 41, 42, 44, 46, 47 और 48 के कई हिस्सों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित है।

इधर, लंबे समय से पानी की आपूर्ति बाधित रहने के कारण स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। लोगों ने संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग की है।

अब देखना यह है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत कब तक पूरी होती है और लहेरियासराय के प्रभावित इलाकों में पेयजल आपूर्ति कब तक सामान्य हो पाती है।

Share