
नाले से पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद।
दरभंगा: बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ओझौल गांव में हुई झड़प और गोलीकांड के बाद पुलिस ने घटना स्थल के निकट बने नाले से एक पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस ने हथियार और कारतूस को जप्त कर मामले की जांच तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, टीम ने घटनास्थल के पास नाला व कचरा खोदकर तलाशी ली। जेसीबी मशीन मंगवाकर नाले पर लगे स्लैब हटवाने के बाद नाले से पिस्तौल व जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार मिलने की सूचना पर गांव में हालात तनावपूर्ण रहे और कई लोग मौके पर जमा हो गए।

बताया गया है कि ओझौल गांव के वार्ड नंबर 11 स्थित इमामबाड़ा के पास दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी। इस दौरान एक पक्ष के सहायक दरोगा मोहम्मद मोबीन के पेट में गोली लगी। घायल मोबीन का निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन कर पेट से गोली निकाल दी गई है; चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है और उनका इलाज जारी है।

झड़प में दूसरी तरफ से घायल किए गए दिलीप सहनी के पुत्र सुनील सहनी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दिलीप सहनी ने कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मामला दर्ज कराया था। इसके बाद मोबीन की पत्नी ने भी दूसरे पक्ष पर उनके पति को गोली मारने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। जिन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है, वे सभी गांव छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोग दावा कर रहे हैं कि घटना स्थल पर सुनील ने गोली चलाई थी, जबकि कुछ लोग पूछ रहे हैं कि पिस्तौल और जिंदा कारतूस नाले में किसने फेंके। बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि मामले की बारिकी से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

