
पोहद्दी-बिशनपुर सड़क किनारे कार से 148.5 लीटर विदेशी शराब बरामद
दरभंगा: मद्यनिषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पोहद्दी-बिशनपुर सड़क किनारे खड़ी एक कार से 148.500 लीटर विदेशी शराब बरामद की। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
सहायक आयुक्त, मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की। तलाशी के दौरान कार से विदेशी शराब बरामद हुई। शराब को जब्त कर लिया गया है। मामले में मद्यनिषेध अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
विभाग के अनुसार जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।

