Home Featured दरभंगा में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज, तीन कट्टे-पिस्टल बरामद।

दरभंगा में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज, तीन कट्टे-पिस्टल बरामद।

दरभंगा: जिले में अवैध हथियार रखने और उसका भय दिखाकर लोगों को धमकाने वालों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बिशनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर एक युवक को देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर हुई दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने दो देशी कट्टे और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। हालांकि, दोनों घटनाओं के आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की मनिकौली पंचायत के सेरहा टोला वार्ड-1 में छठ पूजा की रात दो पक्षों के बीच मारपीट हो रही थी। इसी दौरान एक युवक ने कट्टा निकाल लिया, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। लोगों की भीड़ जुटने पर युवक कट्टा और मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगा। ग्रामीणों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से कट्टा और बाइक जब्त कर ली। बताया जाता है कि आरोपी स्थानीय गांव का ही रहने वाला है।

दूसरी घटना निस्ता पंचायत के नासिरगंज में खरना की रात हुई। कमतौल-भरवाड़ा मुख्य सड़क पर नासिरगंज चौक के पास मामूली विवाद के बाद कुछ लोगों ने एक व्यक्ति को कट्टा दिखाकर धमकाया और मारपीट की कोशिश की। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उसके सिर पर कट्टा सटा दिया। इसके बाद उसने अपने भाई को आवाज लगाई। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपी कट्टा और मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से बाइक और कट्टा जब्त कर लिया। जब्त बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR07AW6603 है।

इस मामले में सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने अपने बयान पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें निस्ता निवासी सोनू यादव, अजित यादव, नितीश यादव, संतोष दास सहित दो-तीन अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस जब्त बाइक और कट्टे के मालिकाना हक की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने भी कई अहम जानकारियां दी हैं। प्रत्यक्षदर्शी मुकेश कुमार के अनुसार, मौके पर दो लोग पहुंचे थे। इनमें से एक ने हथियार से मारने की धमकी दी। फोन करने के बाद कोई अन्य व्यक्ति कट्टा लेकर वहां पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित लोग नशे की हालत में थे।

उपेंद्र सदा ने बताया कि दुकान खुलने के बाद से वहां शराब और गांजा पीने वालों का आना-जाना लगा रहता है। वहीं, अनिल के अनुसार, एक युवक पिछले तीन-चार दिनों से वहां आ रहा था। घटना के दिन उसने कट्टा निकालकर मौजूद लोगों पर तान दिया। उनके मुताबिक, मौके पर चार लोग थे और सभी नशे में थे।

निस्ता निवासी मोहम्मद तम्मने ने इलाके में लगातार अवैध हथियार मिलने पर चिंता जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्षेत्र में अवैध हथियारों की आपूर्ति कहां से हो रही है। उनका कहना था कि ग्रामीणों के पहुंचने पर आरोपी कट्टा और बाइक छोड़कर भाग गए। उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दिन पहले इसी इलाके के पास अवैध हथियार के साथ एक आरोपी गिरफ्तार हुआ था।

सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वहीं, सदर-टू-कमतौल एसडीपीओ शुभेन्द्र कुमार सुमन ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share