
दिनदहाड़े शोरूम में घुसकर कर्मी की हत्या से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस।
दरभंगा: जिले में एकबार फिर अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए दिनदहाड़े शोरूम में घुसकर एक युवक की हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी मच गयी। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गयी।

मामला जिले के एपीएम थानाक्षेत्र के चन्दनपट्टी का है, जहां मुख्य सड़क किनारे अवस्थित यामाहा शोरूम के एक कर्मी मो फ़ैज़ की हत्या कर दी गयी। हत्या किसी घातक हथियार से हमला कर किये जाने की बात सामने आयी है।

बताया जाता है कि दिन के करीब चार बजे अचानक एक युवक शोरूम में घुसा और लोहे रॉड आदि से मो0 फ़ैज़ पर अचानक हमला कर दिया। इस घटना में फ़ैज़ घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी।
घटना की जानकारी मिलते ही एपीएम थाना के साथ आसपास के थानो की पुलिस सदर एसडीपीओ के नेतृत्व में पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी भी पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली।
पुलिस के अनुसार मामला प्रथम दृष्टया आपसी रंजिश का लगता है। हमलावर के सम्बंध में बताया जाता है कि वह भी पहले इसी शोरूम में काम कर चुका है। फिलहाल पुलिस की छानबीन जारी है।

