Home Featured दरभंगा में युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

दरभंगा में युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

दरभंगा: कमतौल थाना क्षेत्र के रतनपुर-कलवाड़ा मुख्य सड़क किनारे मोकररी में मंगलवार की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सड़क किनारे झाड़ी में युवक का खून से लथपथ शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

मृतक की पहचान रतनपुर निवासी संजीव कुमार के पुत्र आदित्य माधव भारद्वाज उर्फ सत्यम सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, सत्यम मंगलवार शाम करीब पांच बजे अपनी तीन वर्षीय बेटी के लिए दवा लेने घर से निकला था। बताया गया कि उस समय उसके साथ एक दोस्त भी था।

मृतक के पिता संजीव कुमार के मुताबिक, रात करीब 8:17 बजे उनकी सत्यम से फोन पर बातचीत हुई थी। सत्यम ने बताया था कि वह मलिकपुर में है और कुछ देर में घर लौट आएगा। करीब 8:45 बजे के बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद परिवार को उसकी हत्या की जानकारी मिली।

आपका सहयोग हमारी ताकत

सूचना मिलने पर कमतौल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, युवक के शरीर पर गोली लगने के निशान मिले हैं। घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने युवक की जेब से मोबाइल फोन भी बरामद किया है। रात करीब 12:30 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा भेज दिया गया।

घटना की सूचना के बाद थानाध्यक्ष के अलावा सदर एसडीपीओ-2 कमतौल एसके सुमन भी मौके पर पहुंचे। पुलिस की तकनीकी टीम मामले से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

मृतक के पिता ने कुछ लोगों पर पूर्व में उनके बेटे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Advertisement

फिलहाल हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारण और आरोपियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share