
नाबालिग किशोरी की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस।
दरभंगा: जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के अतरबेल वार्ड नंबर-9 में शुक्रवार की सुबह एक नाबालिग किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान अनूप सहनी की पुत्री ज्योति कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, ज्योति अपने माता-पिता के साथ प्रदेश में रहती थी और दो दिन पहले ही गांव लौटी थी। गुरुवार की रात उसने परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चली गई।

शुक्रवार की सुबह जब उसकी मां उसे जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं तो ज्योति की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी प्रयास के बाद भी जब कोई हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही सिंहवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है।

नाबालिग किशोरी की अचानक हुई मौत के बाद इलाजे में शोक का माहौल है।

