Home Featured लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, 2 लाख रुपये बरामद, एक आरोपी की पहचान।

लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा, 2 लाख रुपये बरामद, एक आरोपी की पहचान।

दरभंगा: बहेड़ी थाना क्षेत्र में बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही महिला से हुई दो लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र से पूरी लूटी गई राशि 2 लाख रुपये बरामद कर ली है। हालांकि, वारदात का मुख्य आरोपी अब भी फरार है।

थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि इस मामले में बहेड़ी थाना कांड संख्या 249/26 दर्ज की गई थी। जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपी के घर से नकदी के साथ एक मोबाइल, पासबुक और चेकबुक भी बरामद की है। एक आरोपी की पहचान कर ली गई है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

बुधवार को बहेड़ी बाजार में ठाठोपुर गांव निवासी मीरा देवी से लूट हुई थी। वह पंजाब नेशनल बैंक शाखा से 2 लाख रुपये निकालकर टेंपो से घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार बदमाशों ने स्टेट बैंक के पास चलती टेंपो के बगल में बाइक लगाकर उनके हाथ से रुपयों से भरा झोला झपट लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने झोला कसकर पकड़ रखा था, लेकिन बदमाश उसे खींचते हुए कुछ दूर तक घसीट ले गए, जिससे वह घायल हो गईं। वारदात के बाद अपराधी पावर हाउस होते हुए हथौड़ी की ओर फरार हो गए। भागने के दौरान बदमाशों ने झोले से रुपये निकाल लिए और खाली झोला सड़क किनारे फेंक दिया, जिसे पुलिस ने बाद में बरामद कर लिया।

पुलिस ने तकनीकी सेल की मदद से जांच तेज की और देर रात छापेमारी अभियान चलाया। थानाध्यक्ष के अनुसार, अपराधी कोढ़ा गैंग से जुड़े हैं और इस वारदात में तीन लोग शामिल थे। एक की पहचान हो चुकी है और उसी के ठिकाने पर छापेमारी के दौरान पूरी राशि बरामद की गई।

इस कार्रवाई में सब-इंस्पेक्टर फहीम खान, महादेव साहू सहित तकनीकी टीम और थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बाजार और बैंकों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, जबकि पुलिस ने गश्त बढ़ाने और ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाने का आश्वासन दिया है।

Share