
पुलिस ने किया 28.738 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिंहवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 28.738 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मौके से दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र के बहादुरपुर निवासी पप्पू राय, पिता जगदीश राय तथा मीनापुर थाना क्षेत्र निवासी मो. गफ्फार, पिता मो. शकूर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को गांजा के साथ पकड़ लिया।
पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। दरभंगा पुलिस ने कहा है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

