
नवगठित नगर निकायों में भूमि वर्गीकरण की तैयारी तेज, डीएम ने दिए निर्देश
दरभंगा: जिले में भूमि के मूल्यांकन एवं निबंधन कार्यों में एकरूपता और पारदर्शिता लाने को लेकर बुधवार को जिला मूल्यांकन समिति की बैठक हुई। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी सह जिला निबंधन पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नवगठित नगर निकायों के परिधीय क्षेत्रों, वार्डों की सूची तथा सड़कों के वर्गीकरण पर विस्तार से चर्चा की गई।
मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार के निर्देशों के आलोक में राज्यभर में भूमि के समान वर्गीकरण की व्यवस्था लागू करने के उद्देश्य से आयोजित बैठक में संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में भूमि के वर्गीकरण में एकरूपता सुनिश्चित करने तथा निबंधन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने सभी संबंधित नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के सभी वार्डों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने नवगठित नगर निकायों के परिधीय क्षेत्रों को चिह्नित करने के लिए आवश्यक जानकारी एवं विवरण तैयार करने को भी कहा। इससे संबंधित क्षेत्रों का उचित निर्धारण कर भूमि वर्गीकरण की प्रक्रिया को नियमानुसार आगे बढ़ाया जा सकेगा।
बैठक में सड़कों के वर्गीकरण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित मानकों एवं विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सड़कों का विवरण तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि के मूल्यांकन एवं निबंधन से जुड़े कार्यों में एकरूपता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक सूचनाओं का संकलन व्यवस्थित तरीके से किया जाए।
बैठक में विभागीय निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन, नगर निकायों से संबंधित आवश्यक अभिलेखों के संकलन तथा भूमि के समान वर्गीकरण की व्यवस्था को लागू करने के लिए आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) रोहित कुमार, स्वीटी सुमन, जिला अवर निबंधक, दरभंगा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन, भूमि सुधार उप समाहर्ता, दरभंगा सहित जिले के संबंधित नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी तथा अवर निबंधक, बिरौल एवं कमतौल उपस्थित थे।

