Home Featured दरभंगा के विकास की तस्वीर पेश करते हुए मंत्री ने किया ध्वजारोहण, करदाताओं और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित
Featured - मुख्य - 4 hours ago

दरभंगा के विकास की तस्वीर पेश करते हुए मंत्री ने किया ध्वजारोहण, करदाताओं और उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया सम्मानित

दरभंगा: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दरभंगा के ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग के मंत्री सह दरभंगा जिले के प्रभारी मंत्री कुमार शैलेन्द्र ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान विभिन्न सुरक्षा बलों, एनसीसी, भारत स्काउट एंड गाइड की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया।

समारोह में बेनीपुर विधायक विनय कुमार चौधरी, केवटी विधायक मुरारी मोहन झा, दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल, जिला परिषद अध्यक्ष रेणु, दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय, पुलिस उपमहानिरीक्षक मनोज कुमार तिवारी, जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी सहित कई जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में मंत्री ने स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए दरभंगा की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और साहित्यिक विरासत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि मिथिला की पहचान उसकी भाषा, पाग, मखाना, पान, मधुबनी चित्रकला और समृद्ध परंपराओं से है। सरकार का प्रयास इन विरासतों को पर्यटन, रोजगार और आर्थिक विकास से जोड़ने का है।

Advertisement

सड़क और आधारभूत संरचना पर जोर

मंत्री ने दरभंगा में चल रही विभिन्न सड़क, पुल और एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दरभंगा रेलवे स्टेशन से आमस-दरभंगा एक्सप्रेसवे तथा दोनार, कर्पूरी चौक, एकमी चौक, लहेरियासराय और लोहिया चौक से जुड़े मार्गों के उन्नयन एवं एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण करीब 1,868.87 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। जिले में आठ आरओबी का निर्माण भी तेजी से चलने की बात कही गई।

Advertisement

सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का दावा

मंत्री ने कहा कि जिले के सभी 18 प्रखंडों की 197 पंचायतों और नगर निकाय के 46 वार्डों में ‘सहयोग शिविर’ आयोजित किए गए हैं। इन शिविरों में 17,834 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 16,012 समस्याओं के समाधान का दावा किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से राहत देना है।

Advertisement

शिक्षा के क्षेत्र में 23 अत्याधुनिक विद्यालयों, 25 पीएम श्री विद्यालयों और आठ प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू होने की जानकारी दी गई। वहीं, स्वास्थ्य क्षेत्र में डीएमसीएच में बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी का अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर शुरू होने तथा न्यूरो सर्जरी ओटी और एडवांस आईसीयू जल्द शुरू होने की बात कही गई।

Advertisement

ग्रामीण विकास, कृषि और रोजगार पर भी गिनाईं उपलब्धियां

मंत्री ने ग्रामीण रोजगार, सड़क, पर्यटन, कृषि और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि जिले में ग्रामीण रोजगार योजना के तहत 125 दिनों के रोजगार की गारंटी और दैनिक मजदूरी 300 रुपये किए जाने की बात कही। पर्यावरण संरक्षण के लिए सात लाख पौधे लगाने तथा पंचायतों में खेल मैदान, ग्रामीण हाट और तालाबों के विकास की योजनाओं का भी उल्लेख किया।

कृषि क्षेत्र में मखाना, आधुनिक कृषि यंत्र और मशरूम उत्पादन पर अनुदान, पीएम किसान सम्मान निधि से किसानों को जोड़ने तथा रैयाम और सकरी चीनी मिलों के पुनरुद्धार की योजना की जानकारी दी गई।

महिला सशक्तिकरण के तहत जीविका समूहों, ग्राहक सेवा केंद्रों और ‘दीदी की रसोई’ का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

करदाताओं और उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। करदाताओं को प्रशस्ति पत्र, डमी चेक, पाग और चादर देकर सम्मानित किया गया। राज्य कर संयुक्त आयुक्त दरभंगा अंचल-1 में कृष्णा ऑटोमोबाइल्स को प्रथम, बजाज को द्वितीय और कृष्णाकांत ठाकुर को तृतीय स्थान मिला। वहीं अंचल-2 में राज कृष्णा मोटर्स एलएलपी प्रथम, विक्की मोटर्स एलएलपी द्वितीय और राघव इंटरप्राइजेज तृतीय स्थान पर रहे।

राष्ट्रीय एड्स एवं एसटीडी कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आशीष कुमार, कौशल कुमार और श्यामलाल केवट को भी सम्मानित किया गया। परेड में बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस-13 दरभंगा की टुकड़ी ने प्रथम, गृह रक्षा वाहिनी दरभंगा ने द्वितीय और एनसीसी दरभंगा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। होली क्रॉस स्कूल के बच्चों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

समारोह के अंत में जीविका स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों को बैंक क्रेडिट लिंकेज के रूप में 51 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया गया।

मंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों से जागरूक नागरिक के रूप में देश और प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।

Share