Home Featured जेल में बंदियों को मिलेगा रोजगार का हुनर, रिहाई के बाद बन सकेंगे आत्मनिर्भर

जेल में बंदियों को मिलेगा रोजगार का हुनर, रिहाई के बाद बन सकेंगे आत्मनिर्भर

दरभंगा: मंडल कारा, दरभंगा में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने और रिहाई के बाद स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की गई है। जिला मत्स्य कार्यालय के तत्वावधान में शुक्रवार को बंदियों के लिए पांच दिवसीय मत्स्य प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके तहत बंदियों को मछली पालन की आधुनिक एवं वैज्ञानिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य बंदियों को मत्स्य पालन के विभिन्न पहलुओं की जानकारी देकर उन्हें रोजगार के अवसरों से जोड़ना है। प्रशिक्षण के दौरान बंदियों को तालाब प्रबंधन, मछलियों की विभिन्न प्रजातियों, मत्स्य बीज संचयन, मछलियों के पोषण एवं आहार प्रबंधन और पानी की गुणवत्ता बनाए रखने की तकनीक बताई जा रही है। इसके साथ ही मत्स्य उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक उपायों की भी जानकारी दी जा रही है।

प्रशिक्षकों ने बंदियों को बताया कि मत्स्य पालन स्वरोजगार और आय अर्जित करने का एक बेहतर माध्यम है। कारा से बाहर आने के बाद वे इस व्यवसाय को अपनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। इससे उन्हें समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा।

जिला मत्स्य पदाधिकारी सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि मत्स्य विभाग समाज के विभिन्न वर्गों को मत्स्य पालन से जोड़ने और तकनीकी प्रशिक्षण के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से बंदियों के कौशल विकास, आत्मविश्वास और पुनर्वास की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम में कारा अधीक्षक स्नेहलता, जेलर सुनील कुमार, सहायक कारा अधीक्षक पूनम कुमारी, मत्स्य प्रसार पदाधिकारी नवीन कुमार, राहुल कुमार एवं विपिन कुमार तथा मत्स्य विकास पदाधिकारी अनीश कुमार एवं शिल्पी कुमारी उपस्थित थे।

Share