Home Featured दरभंगा में शराबबंदी के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 615.600 लीटर शराब जब्त।

दरभंगा में शराबबंदी के खिलाफ उत्पाद विभाग की कार्रवाई, 615.600 लीटर शराब जब्त।

दरभंगा: दुर्गा पूजा को लेकर दरभंगा जिले में अवैध शराब के खिलाफ मद्य निषेध विभाग ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में विभाग की टीम ने कुल 615.600 लीटर अवैध शराब जब्त की। इस दौरान दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

आपका सहयोग हमारी ताकत

जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर बेनीपुर उत्पाद थाना की टीम ने मनीगाछी थाना क्षेत्र के बलौर गांव स्थित वार्ड संख्या-08 में छापेमारी की। इस दौरान 540 लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई। मौके से कथित शराब कारोबारी लक्ष्मण महासेठ को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, मद्य निषेध विभाग के चलंत दल ने मोरो थाना क्षेत्र के अरैला चौर के समीप कार्रवाई की। यहां से 75.600 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। इस मामले में करण कुमार को गिरफ्तार किया गया।

दोनों कार्रवाइयों में कुल 615.600 लीटर अवैध शराब की बरामदगी हुई है। विभाग की ओर से पर्व-त्योहार के दौरान शराब के अवैध निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर रोक लगाने के लिए निगरानी एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।

सहायक आयुक्त, मद्य निषेध प्रदीप कुमार ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 (यथासंशोधित) के तहत शराब का अवैध क्रय-विक्रय, परिवहन और भंडारण दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी और निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share