
प्रतिबंधित पशु की खाल लदा टेम्पो पकड़े जाने पर हंगामा, तीन घंटे जाम रहा SH-88
दरभंगा: जिले के बिरौल थाना क्षेत्र के बन्दा चौक पर शनिवार को प्रतिबंधित पशु की खाल लदा एक टेम्पो पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जगन्नाथपुर-लहेरियासराय एसएच-88 को करीब तीन घंटे तक जाम कर दिया। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बताया जाता है कि एक टेम्पो पर प्रतिबंधित पशु की खाल लादकर ले जायी जा रही थी। इसकी जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बन्दा चौक के पास टेम्पो को रोक लिया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गये और सड़क पर हंगामा शुरू हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिरौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे और जाम के बाद दोपहर करीब दो बजे पुलिस ने सड़क से जाम हटवाया। इसके बाद एसएच-88 पर यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस ने मौके से टेम्पो को जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सहरसा जिले के कुम्हरा बेलाही निवासी मो. शकील और मो. अफरोज आलम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे बिरौल थाना क्षेत्र के मोडगाह गांव से खाल लेकर जा रहे थे।
बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि टेम्पो और खाल को जब्त कर लिया गया है। दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। मामले की जानकारी वन विभाग को भी दी गयी है। जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

