Home Featured बहादुरपुर प्रमुख रूबी राज को हटाने की अनुशंसा, लाखों की वित्तीय अनियमितता का आरोप।

बहादुरपुर प्रमुख रूबी राज को हटाने की अनुशंसा, लाखों की वित्तीय अनियमितता का आरोप।

दरभंगा: बहादुरपुर प्रखंड प्रमुख रूबी राज को पद से हटाने की अनुशंसा की गई है। जिला पदाधिकारी, दरभंगा ने बिहार पंचायत राज अधिनियम, 2006 की धारा 44(4) के तहत यह कार्रवाई करते हुए लोक प्रहरी-सह-आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल को रिपोर्ट भेजी है।

मामला 15वीं वित्त आयोग और षष्ठम राज्य वित्त आयोग की योजनाओं में कथित वित्तीय अनियमितता और सरकारी राशि के दुरुपयोग से जुड़ा है। बहादुरपुर प्रखंड के ग्राम जीवनपट्टी निवासी शिव कुमार सिंह की द्वितीय अपील पर हुई जांच के बाद यह अनुशंसा की गई है।

जांच रिपोर्ट में आरोप है कि ई-ग्राम स्वराज पोर्टल के माध्यम से यदुनंदन सहनी को लेबर मेट बताकर 4 लाख 80 हजार 559 रुपये की अवैध निकासी की गई। इसके अलावा 15 लाख रुपये से अधिक की योजनाओं के क्रियान्वयन में निर्धारित प्रक्रिया का पालन नहीं किया गया। बहादुरपुर प्रखंड में 19.95 लाख और 19.54 लाख रुपये की योजनाओं में प्रशासनिक स्वीकृति को लेकर भी गंभीर अनियमितता सामने आई है।

जिला पदाधिकारी के पत्र में कहा गया है कि इन अनियमितताओं के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ-साथ प्रखंड प्रमुख रूबी राज भी समान रूप से जिम्मेदार हैं। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोप प्रमाणित पाए गए हैं, इसलिए उन्हें पद से हटाने की अनुशंसा की जाती है।

इस कार्रवाई के बाद बहादुरपुर प्रखंड की राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें आयुक्त कार्यालय के अंतिम निर्णय पर टिकी हैं।

Share