Home Featured दरभंगा की सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार, केंद्रीय राज्यमंत्री से सांसद ने की महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा।
Featured - मुख्य - 7 days ago

दरभंगा की सड़क कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार, केंद्रीय राज्यमंत्री से सांसद ने की महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर चर्चा।

दरभंगा: मिथिला और उत्तर बिहार में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के तहत स्थानीय सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने रविवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टमटा से दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान दरभंगा सहित मिथिला क्षेत्र में निर्माणाधीन और प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

Advertisement

सांसद ने केंद्रीय मंत्री को मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि दरभंगा को एयरपोर्ट, निर्माणाधीन एम्स और राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र जैसी राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं के कारण बेहतर सड़क संपर्क की आवश्यकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए दरभंगा को बिहार के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने वाली फोरलेन और एक्सप्रेसवे परियोजनाओं से बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।

रोसड़ा-खगड़िया कॉरिडोर को सीतामढ़ी तक जोड़ने का सुझाव

डॉ. ठाकुर ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा घोषित खगड़िया-रोसड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग के एलाइनमेंट को आगे बढ़ाते हुए दरभंगा के रास्ते सीतामढ़ी तक चार लेन राष्ट्रीय राजमार्ग कॉरिडोर विकसित करने की पहल शुरू करने का सुझाव केंद्रीय मंत्री को दिया गया है। इसके बनने से उत्तर बिहार के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है।

सांसद ने दरभंगा एयरपोर्ट के नए सिविल एनक्लेव को फोरलेन सड़क से जोड़ने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। इसके अलावा सरकार द्वारा स्वीकृत सुपौल-दरभंगा वाया बेरिया मंच, मधेपुर राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण के लिए दरभंगा जिले के दोनों प्रस्तावित एलाइनमेंट का तकनीकी परीक्षण और भौतिक निरीक्षण कराकर उपयुक्त एलाइनमेंट के अनुसार निर्माण की स्वीकृति देने का आग्रह किया।

रामनगर-लोहिया चौक हाईवे और ट्रामा सेंटर पर जोर

सांसद ने एनएच-527ई परियोजना के तहत दरभंगा के रामनगर से लहेरियासराय लोहिया चौक तक बनने वाली करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण तेजी से पूरा कराने का आग्रह किया।

उन्होंने आमस-दरभंगा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के रामनगर इंटरचेंज के समीप ट्रामा सेंटर की स्थापना की आवश्यकता भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। साथ ही मिथिला एवं उत्तर बिहार में आधुनिक मोटर वाहन चालक प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने की मांग की।

रिंग रोड और एयरपोर्ट कनेक्टिविटी सहित कई प्रस्ताव

बैठक के दौरान दरभंगा एयरफोर्स स्टेशन के सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए दरभंगा दिल्ली मोड़ से जयनगर तक एनएच-105 के निर्माण एवं चौड़ीकरण, रोसड़ा-रामनगर ग्रीनफील्ड सड़क से निमैठी होते हुए बहेड़ी-बहेड़ा पथ एसएच-88 तक स्पर लिंक के निर्माण तथा दरभंगा में रिंग रोड निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया।

सांसद ने पटना-पूर्णिया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से दरभंगा एयरपोर्ट को लिंक हाईवे के माध्यम से जोड़ने तथा दरभंगा संसदीय क्षेत्र के किरतपुर प्रखंड के भुभौल गांव के समीप कोसी पश्चिमी तटबंध के समानांतर पश्चिम दिशा में प्रस्तावित दो लेन सड़क के निर्माण की दिशा में भी शीघ्र पहल करने का आग्रह किया।

नेपाल से बैद्यनाथधाम तक प्रस्तावित कॉरिडोर को कुशेश्वरस्थान से जोड़ने की मांग

डॉ. ठाकुर ने नेपाल के पशुपतिनाथ से झारखंड के बैद्यनाथधाम तक प्रस्तावित हाई स्पीड कॉरिडोर को कुशेश्वरस्थान से जोड़ने का सुझाव भी दिया। उन्होंने कहा कि इससे नेपाल, बिहार और झारखंड के बीच सांस्कृतिक एवं धार्मिक संपर्क को मजबूती मिलेगी और मिथिला में पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

सांसद ने कहा कि दरभंगा और मिथिला क्षेत्र में सड़क एवं परिवहन ढांचे को मजबूत करना क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक, पर्यटन और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इन सभी प्रस्तावों पर शीघ्र आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

Share