
66 करोड़ का ROB, 470 करोड़ का कनेक्टिंग रोड! लागत पर उठे सवाल!
दरभंगा: पंडासराय रेल ओवर ब्रिज (ROB) से जुड़ने वाले करीब 1.5 किलोमीटर टू-लेन संपर्क पथ की 470 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत पर पूर्व विधायक, हायाघाट अमर नाथ गामी ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने परियोजना की DPR, लागत अनुमान और तकनीकी स्वीकृति की स्वतंत्र जांच कराने की मांग की है।
गामी ने टेंडर संख्या BSRDC 5105/2026-2883 का हवाला देते हुए कहा कि पंडासराय ROB करीब 66 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन है। इसके मुकाबले उससे जुड़ने वाले 1.5 किलोमीटर संपर्क पथ की अनुमानित लागत 470 करोड़ रुपये होना गंभीर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने कहा कि करीब 14 किलोमीटर फोरलेन सड़क की लागत 900 करोड़ रुपये बताई जा रही है, जबकि 1.5 किलोमीटर टू-लेन सड़क के लिए 470 करोड़ रुपये का प्रावधान है। परियोजनाओं की तकनीकी परिस्थितियां अलग हो सकती हैं, लेकिन इतनी बड़ी लागत का विस्तृत औचित्य जनता के सामने आना चाहिए।
गामी ने प्रस्तावित मार्ग के संवेदनशील क्षेत्र से गुजरने पर भी आपत्ति जताई। उनके अनुसार मार्ग के आसपास समाहरणालय, जिला न्यायालय, मंडल कारा, IG, कमिश्नर कार्यालय, DM आवास, SSP कार्यालय, सर्किट हाउस, VIP आवास, पुलिस लाइन और कोषागार जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान हैं।
उन्होंने पूछा कि इस मार्ग के लिए संबंधित सुरक्षा एजेंसियों की NOC ली गई है या नहीं और जेल मैनुअल, NBC 2016, Bihar Police Manual तथा MoRTH के लागू प्रावधानों का पालन किस तरह किया गया है।
पूर्व विधायक ने कहा कि क्षेत्र में AMAS, रोसड़ा फोरलेन और NH-57 जैसे सड़क संपर्क पहले से मौजूद हैं। ऐसे में मौजूदा सड़कों के चौड़ीकरण अथवा सुधार के विकल्प की तुलना किए बिना 470 करोड़ रुपये की परियोजना को आगे बढ़ाना उचित है या नहीं, इसकी समीक्षा होनी चाहिए।
गामी ने सरकार से पूरी DPR, Detailed Estimate, तकनीकी स्वीकृति, सुरक्षा संबंधी NOC और वैकल्पिक मार्गों का तुलनात्मक अध्ययन सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि “470 करोड़ रुपये जनता के धन का मामला है। सरकार को बताना चाहिए कि 1.5 किलोमीटर सड़क पर इतनी बड़ी राशि खर्च करने का तकनीकी आधार क्या है।”

