Home Featured निर्माणाधीन आरओबी परियोजना में तेजी लाने का निर्देश, सर्विस रोड व डायवर्सन जल्द पूरा कराने पर जोर।
Featured - मुख्य - 17 hours ago

निर्माणाधीन आरओबी परियोजना में तेजी लाने का निर्देश, सर्विस रोड व डायवर्सन जल्द पूरा कराने पर जोर।

दरभंगा: निर्माणाधीन आरओबी परियोजना के कार्यों में तेजी लाने को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्विस रोड, नाला, रोड डायवर्सन और आरई वाल सहित परियोजना से जुड़े अन्य कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। संबंधित अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

आपका सहयोग हमारी ताकत

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने दिल्ली मोड़ की ओर निर्माणाधीन सर्विस रोड, नाला निर्माण तथा रेलवे कार्य के लिए बनाए जा रहे रोड डायवर्सन का अवलोकन किया। उन्होंने एलसी डायवर्सन के लिए सर्विस रोड का निर्माण शीघ्र पूरा कराने को कहा। वहीं बाघ मोड़ की ओर ड्रेन निर्माण कार्य जल्द समाप्त कर सर्विस रोड को पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि इसके बाद आरई वाल का निर्माण शुरू किया जा सके।

डीएम ने दिल्ली मोड़ की ओर तोड़े जा रहे ब्रिज के कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने ब्रिज को हटाकर कलवर्ट निर्माण कार्य पूरा कराने तथा इसके बाद आरई वाल का निर्माण शुरू करने को कहा, ताकि परियोजना के कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।

जिलाधिकारी ने परियोजना के प्रस्तावित आरई वाल निर्माण कार्य को तत्काल शुरू कराने तथा कागवा गुमटी से संबंधित सभी एआरएमएस कार्यों को समर्पित वर्क प्रोग्राम के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया।

डायवर्सन को मोटरेबल रखने का निर्देश

आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन डायवर्सन को लगातार मोटरेबल बनाए रखने का निर्देश दिया। साथ ही एफसीआई की ओर पाइल कार्य को सर्विस रोड का निर्माण कराते हुए तत्काल शुरू कराने को कहा।

रेलवे भाग के डिजाइन एवं ड्रॉइंग के अंतिम अनुमोदन की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कराने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि अंतिम स्वीकृति मिलते ही रेलवे भाग में भी निर्माण कार्य शुरू कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अभियंताओं को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और कार्य की गति में अपेक्षित तेजी लाने का निर्देश दिया। मौके पर डीसीएलआर सदर, अंचल अधिकारी सदर सहित संबंधित अभियंता एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Share