
एससी-एसटी अत्याचार के पीड़ितों पर 2.34 करोड़ खर्च, 422 लाभार्थियों को मिली राहत।
दरभंगा: जिला पदाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के तहत गठित जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति तथा मैनुअल स्कैवेंजर रोजगार निषेध एवं पुनर्वास अधिनियम, 2013 के तहत गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक हुई। इसमें पीड़ितों को मुआवजा भुगतान, पेंशन तथा विभिन्न मामलों की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी ने पिछली बैठक के अनुपालन प्रतिवेदन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में विभाग से प्राप्त 2 करोड़ 35 लाख रुपये के आवंटन में से 422 पीड़ितों एवं उनके आश्रितों तथा 23 पेंशनधारकों को मुआवजा और पेंशन के रूप में कुल 2 करोड़ 34 लाख 53 हजार 644 रुपये का भुगतान किया गया है।
इस दौरान हायाघाट थाना कांड संख्या 152/23 के मृतक के आश्रित पुत्र राजा कुमार को सरकारी नौकरी मिलने की जानकारी भी दी गई। बताया गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 22 नवंबर को उन्हें परिचारी/विशिष्ट परिचारी पद का नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
जिलाधिकारी ने जिला कल्याण पदाधिकारी को एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989 का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाए, ताकि पीड़ितों को उनके अधिकारों और सरकारी सहायता का लाभ मिल सके।
मैनुअल स्कैवेंजर रोजगार निषेध एवं पुनर्वास अधिनियम, 2013 के तहत जिले में किसी भी कर्मी के कार्यरत नहीं होने की जानकारी दी गई। इस पर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को सफाईकर्मियों के लिए समय-समय पर आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और उनके अनिवार्य उपयोग को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
बैठक में दरभंगा ग्रामीण विधायक के प्रतिनिधि नागेंद्र पासवान सहित समिति के सदस्य अशोक नायक, विजय कुमार पासवान, संजीव कुमार कुंवर, कन्हाई पासवान, सचिन कुमार राम, शोभा शुक्ला, अनिल रजक, नीलम पासवान समेत अन्य उपस्थित थे।

