
रात की पुलिसिंग पर ग्रामीण एसपी की पैनी नजर, तीन थानों का औचक निरीक्षण।
सिंहवाड़ा, जाले और कमतौल थाने पहुंचे ग्रामीण एसपी, रात्रि गश्ती से लेकर हाजत सुरक्षा तक की जांच
दरभंगा: जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा रात के समय सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के उद्देश्य से ग्रामीण पुलिस अधीक्षक साक्षी कुमारी ने सिंहवाड़ा, जाले एवं कमतौल थानों का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए निरीक्षण से थाना स्तर पर पुलिस पदाधिकारियों में भी हलचल रही।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने रात्रि गश्ती, ओडी (ऑफिसर ड्यूटी), हाजत की सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण पुलिस व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने थाना प्रभारियों और मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों से ड्यूटी एवं सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली।
ग्रामीण एसपी ने अधिकारियों को रात्रि गश्ती के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने ड्यूटी व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ ही हाजत की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।

उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों का त्वरित संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही क्षेत्र में सक्रिय रहकर अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

औचक निरीक्षण के दौरान ग्रामीण एसपी ने थाना स्तर की विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुधार एवं सुरक्षा संबंधी निर्देश दिए। इस तरह के औचक निरीक्षण से रात की पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त एवं जवाबदेह बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

