
सखी वन स्टॉप सेंटर का मासिक निरीक्षण, महिलाओं को मिल रही सुविधाओं का लिया जायजा।
दरभंगा: मिशन शक्ति योजना के तहत संचालित सखी वन स्टॉप सेंटर, दरभंगा का अपर समाहर्त्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर ने शुक्रवार को मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी चांदनी सिंह एवं जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्त्ता ने केंद्र की कार्यप्रणाली और पीड़ित एवं संकटग्रस्त महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकीय सहायता, मनो-सामाजिक परामर्श, पुलिस सहायता, विधिक सहायता एवं परामर्श तथा अस्थायी आश्रय सहित अन्य सुविधाओं की प्रक्रिया की समीक्षा की।
अपर समाहर्त्ता ने केंद्र के विभिन्न कक्षों और उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। केंद्र में आश्रय ले रही महिलाओं से आवास, भोजन, सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधा और परामर्श समेत अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। महिलाओं ने केंद्र पर मिल रही सुविधाओं एवं सहयोग पर संतोष जताया।

निरीक्षण के दौरान केंद्र की व्यवस्थाएं और संचालन प्रक्रिया संतोषजनक पाई गई। अपर समाहर्त्ता ने कर्मियों को पीड़ित एवं संकटग्रस्त महिलाओं के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने तथा जरूरत के अनुसार त्वरित एवं समन्वित सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने केंद्र में वाटर कूलर की व्यवस्था सुनिश्चित करने और फायर ऑडिट कराने के लिए भी संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक अजमतुन निशा सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।
सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य हिंसा अथवा संकट से प्रभावित महिलाओं को एक ही स्थान पर चिकित्सकीय, कानूनी, मनो-सामाजिक एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए सुरक्षित वातावरण प्रदान करना है।

