Home Featured कस्तूरबा विद्यालय में सखी वार्ता कार्यक्रम, छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध की दी जानकारी।
Featured - मुख्य - 6 days ago

कस्तूरबा विद्यालय में सखी वार्ता कार्यक्रम, छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराध की दी जानकारी।

दरभंगा: महिला एवं बाल विकास निगम, बिहार एवं जिला प्रशासन, दरभंगा के तत्वावधान में जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) की ओर से कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, सिमरी में “सखी वार्ता” एवं माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट (MHM) वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में किशोर-किशोरियों को महिला सुरक्षा एवं संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, बाल अधिकार, साइबर अपराध तथा बाल विवाह की रोकथाम से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। जिला परियोजना प्रबंधक ब्रजेश कुमार सिंह, जिला मिशन समन्वयक ऋषि कुमार एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को इन विषयों की जानकारी सरल भाषा में दी।

इस दौरान विद्यार्थियों को सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 और साइबर क्राइम हेल्पलाइन-1930 के बारे में विस्तार से बताया गया। बाल विवाह से जुड़े कानूनी प्रावधानों, इसके दुष्परिणामों और रोकथाम के उपायों की भी जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग का भी आयोजन किया गया। छात्र-छात्राओं ने महिला सुरक्षा, बाल अधिकार, साइबर अपराध, बाल विवाह और करियर से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल भाषा में जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

Advertisement

इस अवसर पर छात्राओं के बीच माहवारी स्वच्छता प्रबंधन किट (MHM) का वितरण किया गया। साथ ही व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वास्थ्य और माहवारी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का संचालन जिला मिशन समन्वयक, सखी वन स्टॉप सेंटर एवं जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), दरभंगा के समन्वय से किया गया। मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक, लेखपाल, अनुसेवक, शिक्षक-शिक्षिकाएं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

आपका सहयोग हमारी ताकत

विद्यालय परिवार एवं विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई।

Share