
बसतपुर में संजय भगत, टीकापट्टी देकुली में राधेश्याम यादव बने पैक्स अध्यक्ष।
दरभंगा: बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित राइसम भवन में गुरुवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बसतपुर एवं टीकापट्टी देकुली पंचायत के पैक्स अध्यक्ष पद के लिए मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। मतगणना के बाद दोनों पंचायतों के परिणाम घोषित कर दिए गए। वहीं, दोनों पंचायतों में पैक्स सदस्य पूर्व में ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके थे।

प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी सह बीडीओ आनंद कुमार विभूति की निगरानी में हुई मतगणना में बसतपुर पंचायत से संजय भगत ने 379 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष रामनरेश भगत को 44 मतों के अंतर से पराजित किया। रामनरेश भगत को 335 मत प्राप्त हुए।

वहीं, टीकापट्टी देकुली पंचायत में पूर्व पैक्स अध्यक्ष राधेश्याम यादव ने 498 मत हासिल कर शानदार वापसी की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अशोक यादव को 154 मतों के अंतर से हराया। अशोक यादव को 344 मत मिले।
बीडीओ आनंद कुमार विभूति ने बताया कि दोनों पंचायतों में मतगणना पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई। मतगणना के बाद विजयी पैक्स अध्यक्षों एवं निर्विरोध निर्वाचित सदस्यों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया गया।

