Home Featured दरभंगा की विकास परियोजनाओं की रफ्तार पर संजय झा की नजर, एयरपोर्ट टर्मिनल से एलिवेटेड रोड तक लिया जायजा।
Featured - मुख्य - विशेष - August 17, 2026

दरभंगा की विकास परियोजनाओं की रफ्तार पर संजय झा की नजर, एयरपोर्ट टर्मिनल से एलिवेटेड रोड तक लिया जायजा।

दरभंगा: राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने सोमवार को दरभंगा जिले में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन, दिल्ली मोड़ स्थित निर्माणाधीन बस स्टैंड, मिथिला शोध संस्थान तथा एलिवेटेड रोड निर्माण कार्य का बारी-बारी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं अभियंताओं से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति, निर्धारित समय-सीमा तथा निर्माण कार्यों में आ रही कठिनाइयों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने योजनावार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

संजय झा ने कहा कि दरभंगा में संचालित ये सभी परियोजनाएं जिले के विकास और आमजन की सुविधा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनके पूरा होने से दरभंगा में आवागमन और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ पर्यटन, शिक्षा और शोध के क्षेत्र में भी व्यापक बदलाव आएगा। इससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे कराए जाएं। उन्होंने परियोजनाओं की नियमित निगरानी और प्रगति की लगातार समीक्षा पर भी जोर दिया।

सांसद ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की कमी के कारण विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, संबंधित अभियंता एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने भी संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को सांसद द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने, निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न परियोजनाओं की तकनीकी एवं भौतिक प्रगति से सांसद को अवगत कराया और निर्माण कार्य से जुड़ी प्रमुख जानकारियां साझा कीं।

आपका सहयोग हमारी ताकत
Share