
शिक्षा में भ्रष्टाचार व पेपर लीक के विरोध में आइसा, आरवाईए व माले का संकल्प मार्च।
दरभंगा: शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार, पेपर लीक और छात्र-युवा आंदोलनों पर कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा), रिवोल्यूशनरी यूथ एसोसिएशन (आरवाईए) और भाकपा (माले) के संयुक्त आह्वान पर संकल्प मार्च निकाला गया। मार्च पोलो मैदान, लहेरियासराय से टावर चौक तक निकाला गया, जो बाद में सभा में तब्दील हो गया।

सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नीट (NEET) पेपर लीक प्रकरण ने शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा में सुधार, निष्पक्ष परीक्षा और रोजगार की मांग को लेकर आंदोलन करने वाले छात्रों एवं युवाओं पर लाठीचार्ज, झूठे मुकदमे और गिरफ्तारियों के माध्यम से उनकी आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

वक्ताओं ने सरकार एवं प्रशासन से आंदोलनकारियों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लेने, गिरफ्तार छात्रों-युवाओं को बिना शर्त रिहा करने तथा शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में भ्रष्टाचार और पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था को भ्रष्टाचारमुक्त बनाने, पारदर्शी परीक्षा प्रणाली लागू कराने तथा छात्र-युवा आंदोलनों पर दमन के खिलाफ संघर्ष को और मजबूत करने का संकल्प लिया।
मार्च एवं सभा में भाकपा (माले) के राज्य कमेटी सदस्य नेयाज अहमद, अभिषेक कुमार, शनिचरी देवी, पप्पू खान, हरि पासवान, विनोद सिंह, अवधेश सिंह, पप्पू पासवान, उमेश साह, जिला परिषद सदस्य सुमित्रा देवी, प्रवीण यादव, मोहम्मद जमालुद्दीन, केशरी यादव, आरवाईए के राज्य उपाध्यक्ष संदीप कुमार चौधरी, रंजीत राम, जिला अध्यक्ष ओणम, कमरे आलम, अमरजीत पासवान, इन्द्रजीत राम, आइसा नेता प्रिंस राज, मिथिलेश कुमार यादव, जयनारायण यादव, गोपाल पासवान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।

