
सीएम के आगमन को लेकर दरभंगा में सुरक्षा सख्त, डीएम ने अधिकारियों को दिया अलर्ट रहने का निर्देश।
दरभंगा: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के 22 नवंबर को प्रस्तावित दरभंगा दौरे और 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग हुई। इसमें अधिकारियों को निर्धारित स्थलों पर समय से पहुंचने और पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 54वें मिथिला विभूति पर्व समारोह का आयोजन 22 से 24 नवंबर तक ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित नागेंद्र झा स्टेडियम में होगा। समारोह का उद्घाटन 22 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। तीन दिवसीय आयोजन में मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, भाषा, साहित्य, कला और पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
ब्रीफिंग के दौरान डीएम कौशल कुमार ने कहा कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी 22 नवंबर को अपने-अपने निर्धारित स्थल पर समय से पहुंचना सुनिश्चित करें। सभी अधिकारी पहले से अपने दायित्वों और कार्यस्थलों की जानकारी प्राप्त कर लें। कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा और आम लोगों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने तथा समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना देने को कहा गया।
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जल रेड्डी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर विभिन्न स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT), दंगा नियंत्रण दल, जिला पुलिस बल और बाइक गश्ती दल को भी लगाया गया है। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा, ताकि मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम और मिथिला विभूति पर्व समारोह शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
ब्रीफिंग में नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, नगर पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार चौधरी, अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजेश कुमार गुप्ता, उप विकास आयुक्त स्वप्निल, अपर समाहर्ता (राजस्व) रोहित कुमार, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, सदर एसडीओ कुमार गौरव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

