Home Featured 149 नए डीलरों का चयन, 124 को मिली अनुज्ञप्ति; 70 को बांटी गई ई-पॉस मशीन।
Featured - मुख्य - 4 days ago

149 नए डीलरों का चयन, 124 को मिली अनुज्ञप्ति; 70 को बांटी गई ई-पॉस मशीन।

दरभंगा: जिले में जन वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुचारू बनाने की दिशा में नव चयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को ई-पॉस (EPOS) मशीन उपलब्ध करायी गयी। शुक्रवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आयोजित कार्यक्रम में डीएम कौशल कुमार ने नव चयनित विक्रेताओं के बीच 70 ई-पॉस मशीनों का वितरण किया।

इस दौरान डीएम ने कहा कि ई-पॉस मशीन के माध्यम से जन वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने सभी नव चयनित विक्रेताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ खाद्यान्न वितरण करने का निर्देश दिया।

डीएम ने बताया कि जिले में जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं के चयन की प्रक्रिया के तहत कुल 149 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें 124 अभ्यर्थियों की अनुज्ञप्ति निर्गत की जा चुकी है, जबकि 25 मामले वाद के कारण लंबित हैं। नव चयनित विक्रेताओं के लिए खाद्यान्न आवंटन की स्वीकृति भी प्रदान कर दी गयी है।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और विक्रेताओं को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जन वितरण प्रणाली का संचालन सुचारू रूप से शुरू कराने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि जन वितरण प्रणाली सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है। इसके माध्यम से पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाता है। ऐसे में विक्रेता अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें।

कार्यक्रम में सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुरेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन समेत संबंधित पदाधिकारी और नव चयनित जन वितरण प्रणाली विक्रेता मौजूद थे।

Share