Home Featured गाछी में 10 दिन पुराना शव मिलने से सनसनी, पेड़ से लटका मिला किशन का सिर।

गाछी में 10 दिन पुराना शव मिलने से सनसनी, पेड़ से लटका मिला किशन का सिर।

दरभंगा: बहेड़ी थाना क्षेत्र के सुसारी माहुली गांव के खरहौर स्थित गाछी में मंगलवार को करीब 10 दिन पुराना शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव से तेज दुर्गंध आने पर बकरी चरा रहे ग्रामीणों की नजर पेड़ की ओर गई। पास जाकर देखने पर एक युवक का सिर गमछे के सहारे आम के पेड़ से लटका मिला, जबकि शरीर का बाकी हिस्सा जमीन पर पड़ा था। शव की स्थिति बेहद खराब थी और उसमें कीड़े पड़ चुके थे।

Advertisement

मृतक की पहचान माहुली गांव निवासी बुधन पंडित के 28 वर्षीय पुत्र किशन पंडित के रूप में हुई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। बेनीपुर एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।

परिजनों के अनुसार किशन करीब 10 दिन पहले घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजन अपने स्तर से उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार को गाछी में शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। चप्पल और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान किशन के रूप में की गई।

पुलिस के अनुसार प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि शव काफी दिनों तक पेड़ पर लटका रहा होगा। लंबे समय तक लटके रहने के कारण शव का सिर गमछे के सहारे पेड़ पर रह गया, जबकि धड़ नीचे जमीन पर गिर गया होगा। हालांकि पुलिस ने मामले में अन्य संभावनाओं से भी इनकार नहीं किया है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।

थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि किशन ने करीब आठ वर्ष पूर्व दिल्ली में एक महिला से प्रेम विवाह किया था। बताया गया कि उसकी पत्नी उम्र में उससे करीब 13 वर्ष बड़ी थी। शादी के बाद पत्नी लगभग एक वर्ष तक उसके साथ रही। इसी दौरान एक बेटे का जन्म हुआ। बाद में पत्नी बच्चे को लेकर किशन से अलग हो गई। करीब डेढ़ वर्ष बाद परिजन उसकी पत्नी और बेटे को वापस लेकर आए। इसके बाद महिला करीब दो वर्ष तक किशन के साथ रही, लेकिन बाद में बेटे को यहीं छोड़कर दोबारा चली गई। इसके बाद से किशन तनाव में रहने लगा था।

पुलिस के अनुसार करीब दो महीने पहले भी किशन का अपनी मां से विवाद हुआ था। इस दौरान हुई मारपीट में उसकी मां के सिर में चोट लगी थी और उनका इलाज कराया गया था। किशन के पिता दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी करते हैं। बताया गया कि करीब 10 दिन पहले भी घर में विवाद के बाद किशन घर से निकल गया था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू की, लेकिन परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए तैयार नहीं हुए। पुलिस द्वारा काफी समझाने के बावजूद परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव परिजनों को सौंप दिया।

किशन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था अथवा घटना के पीछे कोई अन्य वजह है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Share