Home Featured गश्ती के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग, एएसआई को लगी गोली।

गश्ती के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग, एएसआई को लगी गोली।

दरभंगा: जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के उजान गांव में गुरुवार को अपराधियों ने पुलिस गश्ती दल पर अचानक हमला कर दिया। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में एएसआई रणधीर कुमार गोली लगने से जख्मी हो गए। गोली उनके बाएं पैर में लगी है। घटना के बाद उन्हें तत्काल इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, एएसआई रणधीर कुमार पुलिस टीम के साथ उजान गांव में गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान गांव की एक गाछी में छिपे बदमाशों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली एएसआई के बाएं पैर में जा लगी। गोली लगते ही पुलिस टीम में अफरा-तफरी मच गई। जख्मी एएसआई को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

बताया जाता है कि रणधीर कुमार मूल रूप से पटना जिले के नौबतपुर के रहने वाले हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, घटना के वक्त वह पुलिस वाहन में बैठकर मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी दौरान गाछी में छिपे बदमाशों ने उन पर गोली चला दी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल इलाके में छापेमारी और तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। हालांकि, अपराधियों की संख्या, उनकी पहचान और हमले के पीछे की वजह का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

गश्ती के दौरान पुलिसकर्मी को निशाना बनाकर की गई इस गोलीबारी ने इलाके में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस और पुलिस की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।

Share