
किराना दुकान की आड़ में गांजा बेचने का आरोप, 1.044 किलो गांजा के साथ दुकानदार गिरफ्तार।
दरभंगा: जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के धमसाईन गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक किराना दुकानदार को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी किराना दुकान में गांजा रखकर उसकी पुड़िया बनाकर बेचने का काम कर रहा था। कार्रवाई में कुल 1.044 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

पुलिस के मुताबिक, गुरुवार की रात करीब 8:00 बजे विशेष वाहन चेकिंग के दौरान सूचना मिली कि धमसाईन गांव निवासी स्व0 बलदेव साह का पुत्र नारायण साह उर्फ बनीमा अपनी किराना दुकान में गांजा रखकर बेच रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर टीम गठित कर सशस्त्र बल के साथ दुकान पर छापेमारी की गई।

तलाशी के दौरान दुकान के गल्ले के पास एक उजले रंग के बोरे में गांजा जैसा पदार्थ छिपाकर रखा मिला। पुलिस ने उसे विधिवत जब्त कर लिया। बरामद पदार्थ का कुल वजन 1.044 किलोग्राम बताया गया है।
मामले में करीब 50 वर्षीय नारायण साह उर्फ बनीमा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापेमारी दल में अलीनगर थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक रंजीत कुमार शर्मा, पीटीसी अरुण कुमार, सिपाही पप्पू कुमार, बीएचजी पंकज मुखिया और बीएचजी रोशन कुमार झा शामिल थे।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।


