
49 एकड़ में सिमटी रैयाम मिल, विस्तार के लिए चाहिए 120 एकड़ जमीन।
दरभंगा: रैयाम चीनी मिल को पुनः चालू करने की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर पहल तेज हो गई है। शुक्रवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रैयाम चीनी मिल परिसर का निरीक्षण किया और मिल के विस्तार एवं पुनः संचालन की रूपरेखा पर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। इस दौरान मिल के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक भूमि की उपलब्धता और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में मिल के केन हेड ने बताया कि वर्तमान में चीनी मिल परिसर का कुल क्षेत्रफल करीब 49 एकड़ है। वहीं, मिल के विस्तार और सुचारू संचालन के लिए लगभग 120 एकड़ भूमि की आवश्यकता है। इसके लिए करीब 35 एकड़ भूमि के अधिग्रहण का प्रस्ताव अंचलाधिकारी के माध्यम से प्रक्रियाधीन है। उन्होंने शेष आवश्यक भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का अनुरोध किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ पूरे मिल परिसर का भ्रमण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं एवं स्थल की मौजूदा स्थिति का जायजा लिया। मिल के पुनः संचालन की संभावनाओं और इससे जुड़ी आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई।
इस मौके पर वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण साक्षी कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार गौरव, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, गन्ना उद्योग विभाग के पदाधिकारी, मिल के केन हेड सहित जिले के अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
इसके बाद जिलाधिकारी ने आईबी परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त रखने और स्वच्छता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

