
दरभंगा के बिरौल में दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प, छह घायल।
दरभंगा : बिरौल थाना क्षेत्र के सुपौल पंचायत अंतर्गत मकसुदनपुर गांव में गुरुवार देर शाम दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। बाइक से हल्की टक्कर के बाद शुरू हुए मामूली विवाद ने देखते ही देखते उग्र रूप धारण कर लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर रोड़ेबाजी हुई, जिसमें बच्चों समेत 5-6 लोग घायल हो गए।
घायलों में एहसान बख्खो (2.5 वर्ष), तनवीर (10 वर्ष), अब्दुल (22), परवेज (27) और बिशो सहनी (60 वर्ष) शामिल हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी मिलते ही एसडीपीओ बिरौल प्रभाकर तिवारी और एसडीएम शशांक राज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। एसडीपीओ तिवारी ने बताया कि मामला पूरी तरह नियंत्रण में है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। उपद्रवियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई होगी। कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बिरौल, बड़गांव, घनश्यामपुर, जमालपुर, कुशेश्वरस्थान और तिलकेश्वर थानों की पुलिस गांव में कैंप कर रही है। करीब 100 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। दंगा नियंत्रण वाहन भी मौके पर मौजूद है। फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन तनाव बरकरार है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

