
दरभंगा में 5 किलोमीटर लंबी तिरंगा यात्रा, गूंजे ‘भारत माता की जय’ के नारे।
दरभंगा: शहर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। करीब पांच किलोमीटर लंबी इस यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। पूरे मार्ग पर तिरंगा लहराता नजर आया और ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के नारों से माहौल देशभक्तिमय हो गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ कर्पूरी चौक स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद यात्रा कर्पूरी चौक से बेंता चौक, लहेरियासराय टावर होते हुए लोहिया चौक तक पहुंची। लहेरियासराय टावर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। लोहिया चौक पर संबोधन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर मौजूद लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोगों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज नजर आया। 5 किलोमीटर के पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा।
प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि देश को आजाद कराने में हजारों स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों ने अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया। उनके त्याग और बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में अपने राष्ट्रीय ध्वज को गर्व के साथ फहरा रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में लोगों की भागीदारी राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रदर्शित करती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान के बाद ‘हर घर तिरंगा’ अभियान व्यापक जनचेतना के आंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने ‘हर घर तिरंगा, हर गांव तिरंगा, हर प्रतिष्ठान तिरंगा’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय पर्वों पर अपने घर और प्रतिष्ठान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे के प्रति सम्मान और स्वाभिमान की भावना प्रदर्शित करनी चाहिए। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर 14 अगस्त तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी की अपील की गई।


