Home Featured टावर कैंपस में चल रहा था स्मैक का खेल, छापेमारी में 1.68 ग्राम नशा बरामद; टेक्नीशियन-गार्ड गिरफ्तार।

टावर कैंपस में चल रहा था स्मैक का खेल, छापेमारी में 1.68 ग्राम नशा बरामद; टेक्नीशियन-गार्ड गिरफ्तार।

दरभंगा: जिले के बिरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपौल बाजार के डुमरी मोड़ स्थित टावर कैंपस में पुलिस ने छापेमारी कर कथित तौर पर चल रहे स्मैक के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस कार्रवाई में कैंपस के एक कमरे से 1.68 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। मौके से टावर टेक्नीशियन और महिला सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया गया। कमरे की तलाशी में चाकू, ब्लेड, चम्मच और नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की बोतल भी मिली।

घटना शुक्रवार की देर शाम की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि टावर कैंपस के एक कमरे से स्मैक की बिक्री हो रही है। पुअनि मुकेश कुमार को मिली इस सूचना के बाद एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी मौके पर पहुंचे। सूचना का सत्यापन कराया गया। पुष्टि के बाद कृषि समन्वयक शैलेंद्र कुमार चमन को दंडाधिकारी नियुक्त कर पुलिस टीम ने टावर कैंपस को घेरकर छापेमारी की।

चौकी पर रखी प्लेट ने खोला राज

छापेमारी के दौरान मुख्य गेट के दाहिनी ओर बने कमरे में पुलिस की नजर चौकी पर रखी प्लेट पर पड़ी। प्लेट में सूखा नशीला पदार्थ रखा था। कमरे की तलाशी आगे बढ़ी तो चाकू, ब्लेड, चम्मच और नशे के सेवन में इस्तेमाल होने वाली जुगाड़ू प्लास्टिक बोतल बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार, कमरे में नशीले पदार्थ की तेज गंध भी महसूस हो रही थी। बरामद पदार्थ का वजन कराया गया तो मात्रा 1.68 ग्राम निकली।

टेक्नीशियन और महिला गार्ड से पूछताछ, फिर गिरफ्तारी

कार्रवाई के दौरान कमरे में मौजूद टावर टेक्नीशियन मुजफ्फरपुर जिले के बहिलवाड़ा ग्वाल दक्षिण निवासी लाला पटेल और महिला सुरक्षा गार्ड लहेरियासराय थाना क्षेत्र के देवकुली निवासी कामनी देवी को पुलिस ने हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बरामद पदार्थ को स्मैक बताया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान टावर कैंपस में नशीले पदार्थ का कारोबार चलने की जानकारी भी सामने आई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

टावर कैंपस जैसे स्थान पर नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Share