
तस्करों की होशियारी पड़ गई भारी, दलदल में फंसा शराब लदा 16 चक्का ट्रक और पिकअप वैन।
दरभंगा: बिहार में शराबबंदी के बाद भी शराव तस्कर बाज नहीं आये और अबतक तस्करी जारी है। पुलिस से बचने केलिए नए नए तरीके भी अपनाते रहते हैं। पर कभी कभी ज्यादा होशियारी भारी भी पड़ जाती है। कुछ ऐसा ही मामला बीती रात बिरौल थानाक्षेत्र का सामने आया है। पुलिस की चेकिंग से बचने केलिए तस्करों को शराब की एक बड़ी खेप को मुख्य सड़क की जगह चौर से ले जाया जा रहा था। पर चौर के रास्ते मे दलदल होने के कारण शराव लदा 16 चक्का ट्रक और एक पिकअप वैन कीचड़ में फंस गया। गाड़ी फंसने के बाद तस्कर उसे वहीं छोड़कर भाग निकले।

मामला बिरौल थानाक्षेत्र के इटवा शिवनगर चौर इलाके की है। पुलिस ने रात के करीब दो बजे पहुँच कर दोनों गाड़ियों को जेसीबी से खींच कर निकलवाया। हालांकि पुलिस को भी इसे निकलवाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इन गाड़ियों को बाहर निकालने में सुबह हो गयी और बुधवार की सुबह इन्हें बिरौल थाना परिसर लाया गया।

गाड़ियों को जब्त कर थाना परिसर में लाया गया और गुनती शुरू की गयी। इन गाड़ियों में करीब 10 हजार विदेशी शराब की बोतल होने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसकी ब्लैक मार्केट में कीमत 20 से 25 लाख तक आंकी जा रही है। शराव की पूरी खेप हरियाणा निर्मित बताई जाती है।

पुलिस फिलहाल तस्करों के तलाश में जुट गई है। वहीं इस बड़ी खेप का पकड़ा जाना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। कुछ लोग जहां इसे पुलिस की बड़ी उपलब्धि बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग इतनी बड़ी खेप मंगाने की हिम्मत शराब माफियाओं के बढ़े हौसले का परिणाम बता रहे है।

